मकर संक्रांति पर दर्दनाक हादसा: बैरसिया में आमने-सामने की टक्कर, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत.
मकर संक्रांति पर दर्दनाक हादसा: बैरसिया में आमने-सामने की टक्कर, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
मकर संक्रांति के दिन भोपाल के बैरसिया क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने हुई टक्कर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चों सहित 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
यह दर्दनाक हादसा बैरसिया थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात हुआ। जानकारी के अनुसार, लोडिंग वाहन में सवार सभी 15 लोग एक ही परिवार के थे, जो मकर संक्रांति के अवसर पर नर्मदापुरम में नर्मदा स्नान के लिए जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग उसमें फंस गए, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए।
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण लोडिंग वाहन की तेज रफ्तार बताया जा रहा है। हालांकि, घायलों की हालत स्थिर होने के बाद पुलिस उनके बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी।