अब मध्यप्रदेश की लाडली बहनों को हर महीने मिलेंगे 1500 रुपए, मोहन कैबिनेट की बैठक में फैसला, सरकारी भवनों में लगेंगे सोलर पैनल.
भोपाल। मध्यप्रदेश की लाडली बहनों को अब हर महीने 1500 रुपए दिए जाएंगे। सोमवार को भोपाल में हुई मोहन कैबिनेट की बैठक में इसकी मंजूर दी गई। इसके साथ ही सोलर रूफ टॉप योजना को स्वीकृति दी गई है, जिसके तहत प्रत्येक जिले में शासकीय भवनों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे।
मध्य प्रदेश की एक करोड़ 26 लाख के करीब लाडली महिलाओं को अब 1500 रुपये प्रतिमाह सरकार द्वारा दिए जाएंगे 250 रुपये की राशि बढ़ाने का निर्णय बैठक में दिया गया, मुख्यमंत्री ने इसकी घोषणा की थी। 12 नवंबर को सिवनी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री यह राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करेंगे।
बिरसा मुंडा की जयंती पर दो बड़े आयोजन
15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती गौरवशाली तरीके से मनाई जाएगी। इसके लिए प्रदेश में दो बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जबलपुर और आलीराजपुर में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली जुड़ेंगे। हर जिले में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जनजातीय वर्ग से जुड़े प्रतिभाशाली लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा।
किसानों को होगा 300 करोड़ का भुगतान
भावांतर भुगतान योजना के तहत 13 नवंबर को देवास में आयोजित एक कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव 1.32 लाख किसानों के खातों में 300 करोड़ रुपये की राशि जारी करेंगे। करीब 1.60 लाख किसानों ने 2 लाख टन का सोयाबीन विक्रय किया है।
ओंकारेश्वर परियोजना की राशि बढ़ी
बैठक में ओंकारेश्वर में आदि शंकर की प्रतिमा, वेदांत संग्रहालय परियोजना के लिए स्वीकृत राशि में 250 करोड़ रुपए की वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। बैठक में मांधाता में जिला न्यायालय खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इससे कोर्ट में 7 नए पदों पर सृजन होगा।