विधानसभा के विशेष सत्र के लिए कमर कस रही है कांग्रेस, कल विधायक दल की बैठक में तय होगी सरकार को घेरने की रणनीति.
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र बुधवार 17 दिसंबर को बुलाया गया है। इससे पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक मंगलवार 16 दिसंबर को बुलाई गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सरकार को घेरने की रणनीति तय की जाएगी
विशेष सत्र में मध्यप्रदेश को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने के विषय पर चर्चा प्रस्तावित है। विधायक दल की बैठक में प्रदेश की मौजूदा आर्थिक स्थिति, किसानों की समस्याएं, युवाओं के रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, आदिवासी, दलित, पिछड़े और कमजोर वर्गों से जुड़े मुद्दों पर मंथन किया जाएगा। इसके साथ ही सरकार की नीतियों की समीक्षा करते हुए यह तय किया जाएगा कि विशेष सत्र में कांग्रेस किन मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।
सिंघार बोले-खोखले नारों की जगह ठोस नीतियां हों
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश को वास्तव में विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए खोखले नारों के बजाय ठोस नीतियों और ईमानदार राजनीतिक इच्छाशक्ति की जरूरत है। उन्होंने कहा कि एक दिवसीय विशेष सत्र केवल औपचारिकता न बने, बल्कि इसमें किसानों की आय, युवाओं के रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा और प्रदेश की बदहाल आर्थिक स्थिति पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस विधायक दल विशेष सत्र में जनता की वास्तविक समस्याओं और प्रदेश के भविष्य की ठोस रूपरेखा को मजबूती से विधानसभा में रखेगा।
17 दिसंबर को सुबह 11 बजे शुरू होगा सत्र
विधानसभा सचिवालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार राज्य की 16वीं विधानसभा का एक दिवसीय अष्टम सत्र बुधवार, 17 दिसंबर 2025 को आयोजित किया जाएगा। सत्र सुबह 11 बजे से शुरू होगा। यह सत्र भले ही एक दिन का हो, लेकिन इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें मध्य प्रदेश को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में सरकार की योजनाओं और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।