सीएम डॉ.मोहन यादव ने महू के आशापुर गांव में गौशाला का किया भूमिपूजन, बोले-सभी बड़े नगर निगम क्षेत्रों में बनेंगी गौशालाएं.
इंदौर। मध्यप्रदेश के सीएम डॉ.मोहन यादव ने शनिवार को महू के आशापुर गांव में गौशाला का भूमिपूजन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी बड़े नगर निगम क्षेत्रों में गौशालाओं का निर्माण किया जाएगा। सीएम ने कहा कि गौमाता अपने बच्चों को तो पालती ही है, इंसान का भी ध्यान रखती है। गौमाता का अमृततुल्य दूध पीकर हम बड़े होते हैं।
सीएम यादव ने कहा कि हमारी संस्कृति में पहली रोटी गौमाता के लिए रखी जाती है। आखरी रोटी कुत्ते के लिए बनाई जाती है। हमारे पूर्वजों ने प्रकृति से जुड़ने के नियम बनाए। गौमाता की रक्षा का संकल्प युगों-युगों से हमारी संस्कृति से जुड़ा है। पहले माना जाता था कि भारत में दूध-दही की नदियां बहती है। खेती-बाड़ी में गौमाता की पहले काफी मदद ली जाती थी, लेकिन बाद में ट्रैक्टर, नए उपकरणों का उपयोग किया जाने लगा। इसकी मार हमारी गौमाता पर पड़ी।
गौमाता को लावारिस नहीं रहने देंगे
सीएम यादव ने कहा कि जाने-अंजाने हमसे गलतियां भी हुई, लेकिन हमें वापस ध्यान में आ गया कि रासायनिक खाद के उपयोग से नुकसान हो रहा है। जैविक खाद से किसान की लागत भी कम हो रही है और पौष्टिक अन्न का उत्पादन हो रहा है। हमने संकल्प लिया है कि गौमाता को लावारिस नहीं रहने दिया जाएगा। सभी नगर निगम को बड़ी गौशालाएं बनाने के लिए कहा गया है। इसके लिए राज्य सरकार भी मदद करेगी। उन्होंने कहा कि हमारा देश भगवान राम और कृष्ण की धरती है। देश की पहचान उनसे भी होती है। प्रदेश में जहां भी राम और कृष्ण की लीलाएं हुई हैं। उसे हम तीर्थ बनाएंगे। महू के जानापाव को भी तीर्थ स्थल का रूप दिया जाएगा।
दूध उत्पादन में देश का नंबर वन राज्य बनाएंगे
इंदौर एयरपोर्ट पर चर्चा के दौरान सीएम ने मीडिया से कहा कि आज हनुमान जयंती की मेरी ओर से पूरे प्रदेश को बधाई। आज एक ओर संयोग अच्छा है। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर मैं इंदौर में गौशाला का भूमिपूजन करने आया हूं। गो-माता के सरंक्षण और संवर्धन को लेकर हमारा अभियान जारी है। इंदौर, जबलपुर, भोपाल और ग्वालियर हमारी लगभग सभी नगर निगम 10 हजार से ज्यादा गौ माता को पाल रही है। डॉ. अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर हमने गौमाता के लिए एक नई योजना डॉ. अम्बेडकर के नाम पर शुरू की है। हम चाहते हैं कि मध्यप्रदेश में दूध का उत्पादन 9% से बढ़कर 20% हो। इसके लिए कल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भोपाल आ रहे हैं। हमें उम्मीद है कि दूध उत्पादन में हमारा प्रदेश देश का नंबर वन राज्य बनेगा।