भोपाल के ईरानी गैंग का सरगना आबिद उर्फ रहमान डकैत गुजरात के सूरत में गिरफ्तार, 14 राज्यों की पुलिस कर रही थी तलाश.
भोपाल। भोपल के ईरानी गैंग का सरगना आबिद अली उर्फ राजू उर्फ रहमान डकैत को शनिवार को गुजरात की सूरत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भोपाल के कुख्यात ‘ईरानी डेरा’ से पूरे देश में अपराध का नेटवर्क चलाने इस अपराधी की 14 राज्यों की पुलिस तलाश कर रही थी। आबिद पिछले 20 साल से पुलिस को चकमा दे रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी 20 साल से कई राज्यों में वारदात करता आया है। वह कभी नकली सीबीआई अधिकारी, कभी साधु की वेश में लूट करता। इसके साथ ही धोखाधड़ी, हिंसक वारदात और जिंदा जलाने के प्रयास जैसे गंभीर मामले भी उस पर दर्ज हैं। महाराष्ट्र में उस पर MCOCA जैसे सख्त कानून के तहत भी केस दर्ज है। आरोपी 13-14 साल से भोपाल की अमन नगर कॉलोनी में रह रहा था और छह अलग-अलग गैंग ऑपरेट कर रहा था।
150 जवानों को भोपाल में दिया चकमा
पुलिस ने बताया कि राजू ईरानी और उसका भाई जाकिर अली लूट के पैसों से लग्जरी कारें, महंगी स्पोर्ट्स बाइक और अरबी घोड़े पालने का शौक पूरा करते थे। जब भी पुलिस उसे पकड़ने पहुंचती, गैंग घर की महिलाओं और बच्चों को आगे कर देता था और मुख्य आरोपी पीछे के रास्तों से फरार हो जाता था। दिसंबर में भोपाल पुलिस ने 150 जवानों के साथ कॉम्बिंग की थी, तब भी वह इसी तरह बच निकला था। पुलिस के अनुसार जो भी व्यक्ति गैंग की जानकारी देता था, उसे जान से मारने की धमकी दी जाती थी। एक मामले में मुखबिर को परिवार सहित घर में बंद कर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया था।
2006 से कई राज्यों में अनगिनत अपराध
आरोपी के खिलाफ पहला मामला 2006 में भोपाल में अपहरण का दर्ज हुआ था। इसके बाद 2014, 2015, 2016 और 2020 में गंभीर हमले और आर्म्स एक्ट के केस दर्ज हुए। पुणे, भिवंडी और कोलकाता तक उसकी आपराधिक गतिविधियां फैली रहीं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी हरियाणा, यूपी, दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल समेत 14 राज्यों में लूट, ठगी और संगठित अपराध के मामलों में वॉन्टेड है। दिल्ली क्राइम ब्रांच में वह 2022 से ठगी के एक बड़े केस में भी फरार चल रहा था।