विधायक के कहने पर कन्फेक्शनरी कारोबारी दीपक दरियानी के बेटे संस्कार पर एफआईआर तो हो गई, क्या पुलिस कर पाएगी कार्रवाई?.
इंदौर। इंदौर के औद्योगिक क्षेत्र सांवेर रोड स्थित आशा कन्फेक्शनरी में शनिवार को फैक्ट्री मालिक दीपक दरियानी के बेटे ने एक कर्मचारी को पीट डाला। इसके बाद कर्मचारियों ने जमकर बवाल काटा। जिस कर्मचारी को पीटा गया वह भाजपा का कार्यकर्ता था। बाद में विधायक रमेश मेंदोला के दबाव में पुलिस को न चाहते हुए भी कारोबारी के बेटे संस्कार दरियानी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करनी पड़ी। अब सवाल यह है कि क्या पुलिस कार्रवाई कर पाएगी?
उल्लेखनीय है कि शनिवार को वेतन और प्रोविडेंट फंड (पीएफ) की राशि का भुगतान नहीं होने से नाराज कर्मचारी मॉडर्न चौराहे के पास सड़क पर उतर आए और जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से उन्हें समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है। इसके अलावा उनके वेतन से काटी गई पीएफ राशि भी संबंधित खाते में जमा नहीं की गई है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रबंधन से इस संबंध में बात की, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला। ॉ पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों को शांत कराया। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनका बकाया वेतन और पीएफ की राशि का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
कर्मचारियों ने लगाया मारपीट का आरोप
बताया जाता है कि शनिवार को कर्मचारियों ने सैलरी बढ़ाने को लेकर मैनेजर से बात की तो उसने एचआर के पास जाने को कहा। एचआर के पास जाने पर उसने फिर से मैनेजर के पास जाने को कह दिया। इसके बाद जब कर्मचारी कंपनी के डायरेक्टर दीपक दरियानी के बेटे संस्कार दरियानी से बात करने पहुंचे तो संस्कार ने मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद कर्मचारियों ने काम बंद कर कंपनी के गेट लगाकर प्रदर्शन किया। कर्मचारी बाणगंगा थाने का घेराव करने गए, जहां से पुलिस ने उन्हें श्रम विभाग के दफ्तर भेज दिया गया।
मेंदोला के हस्तक्षेप से दर्ज हुई एफआईआर
दीपक दरियानी के दबाव में पुलिस उनके बेटे संस्कार पर एफआईआर दर्ज नहीं कर रही थी। जब विधायक रमेश मेंदोला को पता चला कि संस्कार ने एक भाजपा कार्यकर्ता को पीटा है, तब उन्होंने पुलिस को फटकार लगाई। इसके बाद पुलिस ने एफआईआर तो दर्ज कर ली, लेकिन अब देखना है कि कोई कार्रवाई हो पाती है या नहीं।
कई बार विवादों में रहे हैं दरियानी
आशा कंफेक्शनरी के मालिक दीपक दरियानी शहर के बड़े उद्योगपति है, लेकिन उनको लेकर भी कई बार विवाद हुए हैं। दरियानी का दावा है कि मंत्री-संत्री और अफसर उनकी जेब में रहते हैं। उनके बेटे संस्कार तो काफी फेमस हैं। कोरोना के दौरान संस्कार अपनी पोर्श कार को लेकर चर्चा में रहा था। बताया जाता है कि लॉकडाउन में भी शान से अपनी खुली कार में घूम रहा था, जब पुलिस ने रोका तो उन पर भी पैसे की गर्मी झाड़ने लगा। पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी और बीच सड़क पर उठक-बैठक लगवाई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था।