झारखंड के गुमला में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में तीन नक्सलियों को मार गिराया, दो फरार नक्सलियों की हो रही तलाश.
रांची। झारखंड के गुमला जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों ने तीन नक्सलियों को मार गिराया है। जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के लवादाग जंगल में बुधवार की सुबह झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने नक्सलियों के ठिकाने पर छापा मारा। इस मुठभेड़ में तीन कुख्यात नक्सली मारे गए, जबकि दो अन्य फरार हो गए।
बताया जाता है कि मुठभेड़ के बाद मौके से भारी मात्रा में हथियार और गोलाबारूद बरामद किए गए। इनमें एक AK-56 राइफल, एक एसएलआर और एक इंसास राइफल शामिल हैं। मारे गए तीन उग्रवादियों में से एक की पहचान बेलगड़ा गांव निवासी दिलीप लोहरा के रूप में की है। पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से इलाके में सक्रिय था और कई मामलों में वांछित था।
गुमला एसपी हरिश बिन जमा के अनुसार दोनों ओर से गोलीबारी हुई, जिसमें तीन उग्रवादी मारे गए। उनके पास से अत्याधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं। सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है और जल्द ही फरार नक्सलियों को भी पकड़ा जाएगा। उल्लेखनीय है कि गुमला और आसपास के जिलों में पिछले कुछ हफ्तों से सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज कर रखा है। यह मुठभेड़ पिछले एक महीने के भीतर दूसरी बड़ी सफलता मानी जा रही है। इससे पहले भी पलामू और चतरा इलाके में कई नक्सलियों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किए गए थे।