झारखंड के रामगढ़ में कोयला खदान का हिस्सा ढहने से एक व्यक्ति की मौत, कई लोगों के फंसे होने की आशंका.
रांची। झारखंड के रामगढ़ जिले के एक कोयला खदान का हिस्सा ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि कई लोगों के खदान में फंसे होने की आशंका है। घटना जिले के कर्मा इलाके में शनिवार तड़के हुई है। मामले की जांच के लिए प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। कुजू पुलिस चौकी के प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक एक शव बरामद किया गया है और बचाव अभियान जारी है। कई लोग अभी भी अंदर फंसे हुए हैं। पुलिस के अनुसार कुछ ग्रामीण मौके पर कोयले के अवैध खनन करते पाए गए हैं। रामगढ़ के डिप्टी कमिश्नर (डीसी) फैज अक अहमद मुमताज ने बताया कि हमें सुबह घटना की जानकारी मिली। मामले की जांच के लिए एक प्रशासनिक टीम मौके पर भेजी गई है। मौके पर अभी राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है।