थाईलैंड–कंबोडिया सीमा पर फिर भड़का तनाव: संघर्षविराम टूटने के आरोपों के बीच थाईलैंड के हवाई हमले, हजारों नागरिक सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए.
थाईलैंड–कंबोडिया सीमा पर फिर भड़का तनाव: संघर्षविराम टूटने के आरोपों के बीच थाईलैंड के हवाई हमले, हजारों नागरिक सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच विवादित सीमा क्षेत्र में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। थाईलैंड ने सोमवार को कंबोडिया के सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए, जबकि दोनों देशों ने एक-दूसरे पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कराए गए संघर्षविराम समझौते को तोड़ने का आरोप लगाया है।

ताजा झड़पों में पूर्वी प्रांत उबोन रत्चाथानी में एक थाई सैनिक की मौत हुई और चार घायल हुए। थाई सेना का कहना है कि कंबोडियाई सैनिकों ने पहले उनके जवानों पर गोलीबारी की, जिसके जवाब में उन्हें हवाई हमले करने पड़े।
दूसरी ओर, कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि थाई सेना ने सुबह उनके दो सैन्य ठिकानों पर हमला किया। मंत्रालय का आरोप है कि पिछले कई दिनों से थाई सेना उकसावे की कार्रवाई कर रही है, जबकि कंबोडियाई सैनिक संयम बरत रहे थे।
जुलाई में दोनों देशों के बीच पांच दिन तक भीषण संघर्ष चला था, जिसमें 48 लोग मारे गए थे और तीन लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए थे। इसके बाद मलयेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और ट्रंप की मध्यस्थता में संघर्षविराम कराया गया था। अक्तूबर में कुआलालंपुर में विस्तारित शांति समझौते पर भी हस्ताक्षर हुए थे।
हालांकि सीमा पर तनाव थम नहीं सका। पिछले महीने लैंडमाइन विस्फोट में एक थाई सैनिक के घायल होने के बाद थाईलैंड ने संघर्षविराम समझौता स्थगित कर दिया था। अब ताजे तनाव के बाद थाई सरकार ने सीमा के चार जिलों से 3.85 लाख से अधिक नागरिकों को हटाकर सुरक्षित स्थानों पर भेजना शुरू कर दिया है। इनमें से 35 हजार से अधिक लोग अस्थायी शिविरों में पहुंच चुके हैं।
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच 817 किलोमीटर लंबी सीमा पर सौ साल से विवाद चला आ रहा है। 1907 में फ्रांस द्वारा बनाए गए नक्शे के बाद से कई बार संघर्ष भड़क चुका है। 2011 में भी एक सप्ताह तक दोनों देशों के बीच तोपों की लड़ाई चली थी। लगातार तनाव के बावजूद दोनों देश विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की कोशिश करते रहे हैं, लेकिन हाल के घटनाक्रम से तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है।