परीक्षा पे चर्चा में बोले पीएम मोदी- हमारा लक्ष्य ऐसा होना चाहिए, जो पहुंच में हो, लेकिन पकड़ में न हो.
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ बातचीत की। इस कार्यक्रम में बच्चे अपने-अपने सवाल पूछ रहे हैं और प्रधानमंत्री उनका बारी-बारी से जवाब दे रहे थे। इस दौरान छात्रों ने पीएम मोदी से कई तरह के सवाल किए। पीएम मोदी ने छात्रों को सलाह दी कि इंटरनेट सस्ता है, लेकिन इंटरनेट पर अपना कीमती समय बिल्कुल भी बर्बाद न करें। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि हमारा लक्ष्य ऐसा होना चाहिए, जो पहुंच में हो, लेकिन पकड़ में न हो।
परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने अपने उम्र का जिक्र करते हुए कहा कि अभी मेरे जन्मदिन पर 17 सितंबर को एक नेता ने फोन किया और कहा कि आपके 75 साल हो गए, तो मैंने उसे कहा कि 25 अभी बाकी हैं। मैं बीते हुए को नहीं, बल्कि बचे हुए को गिनता हूं।
स्किल और मार्क्स के सवाल पर समझाया
पीएम मोदी से एक छात्र ने पूछा- स्किल ज्यादा जरूरी है या मार्क्स? इसका जवाब देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हर चीज में संतुलन होना चाहिए। एक तरफ झुकोगे तो गिरोगे ही गिरोगे। उन्होंने आगे कहा स्किल दो तरीके की होती है पहली लाइफ स्किल और दूसरी प्रोफेशनल स्किल। ऐसे में इन दोनों स्किल पर ध्यान देना जरूरी है। पीएम मोदी ने कहा कि बिना अध्ययन और ऑब्जरवेशन किए और बिना ज्ञान प्रयुक्त किए कोई भी स्किल आ सकता है क्या? स्किल की शुरुआत तो ज्ञान से ही होती है, उसका महत्व कम नहीं है।
पीएम मोदी ने कहा-खुद पर विश्वास होना जरूरी
पीएम मोदी ने छात्रों से कहा आपके माता-पिता, शिक्षक या सहपाठी कुछ भी कहें लेकिन आपको खुद पर विश्वास होना चाहिए। साथ ही आपको परीक्षा से संबंधित जो कुछ भी सुझाव मिल रहे हैं, उनका विशेष ध्यान भी रखें। पीएम मोदी ने कहा कि शिक्षक का प्रयास रहना चाहिए कि छात्र की स्पीड इतनी है मेरी स्पीड से एक कदम ज्यादा रहनी चाहिए। हमारा लक्ष्य ऐसा होना चाहिए, जो पहुंच में हो, लेकिन पकड़ में न हो।
अब गांवों के बच्चे लाते हैं अच्छा नंबर
हमारे देश में बोर्ड के एग्जाम में नंबर लाने वाले बच्चे छोटे-छोटे गांव से हैं, पहले बड़े परिवार और बड़े स्कूल के बच्चे ही नंबर लाते थे। अभी कुछ दिन पहले मैं ब्लाइंड क्रिकेट टीम की बच्चियों से मिला, वो जीतकर आई थीं, जब मैंने उनको सुना तो मेरी आंखों में आंसू आ गए। एक बच्चे के इस सवाल पर पीएम मोदी ने कहा कि क्या आप इस प्रोग्राम को भूल जाएंगे? तो इस पर बच्चे ने कहा, नहीं, याद रहेगा, इसे कभी नहीं भूलेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि इसका कारण है कि आप इससे जुड़े हैं. इसलिए याद रहे अपने होशियार दोस्तों से सीखें और दोस्तों को सिखाएं भी।