मध्य मैक्सिको में विमान हादसा: इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान निजी विमान क्रैश, 7 की मौत.
मध्य मैक्सिको में विमान हादसा: इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान निजी विमान क्रैश, 7 की मौत
मध्य मैक्सिको में इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश के दौरान एक छोटा निजी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। विमान अकापुल्को से उड़ान भरकर टोलुका जा रहा था, तभी तकनीकी खराबी के चलते पायलट को आपात लैंडिंग का फैसला लेना पड़ा।
/newsnation/media/media_files/2025/12/16/plane-crash-2025-12-16-06-52-42.jpg)
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सैन मातेओ अतेन्को इलाके में हुई, जो टोलुका एयरपोर्ट से करीब पांच किलोमीटर और मेक्सिको सिटी से लगभग 50 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। हादसा इतना भयावह था कि विमान के टकराते ही आग लग गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विमान एक फुटबॉल मैदान पर उतरने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वह पास की एक व्यावसायिक इमारत की लोहे की छत से टकरा गया। टक्कर के बाद विमान में आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आसपास का क्षेत्र भी आ गया। दमकल और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
बताया गया है कि विमान में आठ यात्री और दो क्रू सदस्य सवार थे, हालांकि कई घंटे की खोजबीन के बाद भी अब तक केवल सात शव ही बरामद किए जा सके हैं। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की है और राहत-बचाव कार्य जारी रखा गया।
आग की गंभीरता को देखते हुए एहतियातन आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की असली वजह सामने आ सकेगी।