झूठे प्रचार में फंसी पाकिस्तान सरकार, वीडियो गेम के फुटेज को बताया जंग का असली वीडियो.
झूठे प्रचार में फंसी पाकिस्तान सरकार, वीडियो गेम के फुटेज को बताया जंग का असली वीडियो
पाकिस्तान सरकार की एक और करतूत दुनिया के सामने उजागर हो गई है। अपनी जनता को झूठे प्रोपेगैंडा और फर्जी बयानबाजी से बहलाने वाली पाकिस्तान सरकार इस बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शर्मसार हो गई है।

दरअसल, पाकिस्तान के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से एक वीडियो पोस्ट किया गया, जिसमें दावा किया गया कि यह भारत के साथ संघर्ष के दौरान हुई लड़ाई का असली वीडियो है। सरकार ने इस वीडियो के ज़रिए अपनी सेना की बहादुरी का प्रचार करने की कोशिश की, लेकिन सच्चाई कुछ और ही निकली।
वीडियो में दरअसल एक वीडियो गेम, ARMA 3 के फुटेज का इस्तेमाल किया गया था। इस झूठ को जैसे ही सोशल मीडिया पर साझा किया गया, वैसे ही लोगों ने पाकिस्तान की जमकर खिल्ली उड़ाई और सोशल मीडिया पर सरकार की आलोचना शुरू हो गई।
ब्रिटेन स्थित एक प्रतिष्ठित सुरक्षा पोर्टल ‘यूके डिफेंस जर्नल’ ने भी इस फर्जीवाड़े को उजागर किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान सरकार ने जिस वीडियो को असली युद्ध का बताया, वह दरअसल एक वीडियो गेम का हिस्सा है।
यह वीडियो पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री अताउल्ला तारड़ ने साझा किया था और पाकिस्तानी सशस्त्र बलों की प्रशंसा करते हुए इसे बहादुरी का प्रतीक बताया था। लेकिन कुछ ही देर में सोशल मीडिया यूजर्स ने वीडियो की सच्चाई सामने लाकर सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया।
यूजर्स ने वीडियो गेम की क्लिप्स और असली फुटेज की तुलना करते हुए साफ़ दिखाया कि यह वीडियो ARMA 3 गेम से लिया गया है, न कि किसी असली युद्ध का दृश्य। इसके बाद पाकिस्तान सरकार की बड़ी फजीहत हुई और उसका प्रोपेगैंडा एक बार फिर बेनकाब हो गया।