पाकिस्तानी हिंदुओं के एलटीवी को लेकर विदेश मंत्रालय का स्पष्टीकरण.
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों के वीज़ा रद्द करने का फैसला लिया है। इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी और कई घायल हुए थे। इसके बाद बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमेटी (CCS) की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
एलटीवी पर स्थिति स्पष्ट
हालांकि, भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तानी हिंदुओं को दिए गए लॉन्ग टर्म वीज़ा (एलटीवी) को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है। मंत्रालय के बयान में कहा गया,
"जिन वीज़ा को रद्द करने की बात कही गई है, वह पाकिस्तान के हिंदू नागरिकों को पहले से दिए गए एलटीवी पर लागू नहीं होता है। ये वीज़ा अभी भी वैध हैं।"
सार्क वीज़ा छूट स्कीम पर असर
इससे पहले विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा था कि अब पाकिस्तानी नागरिक 'सार्क वीज़ा छूट स्कीम' (SVES) के तहत भारत की यात्रा नहीं कर पाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस स्कीम के तहत पहले से जारी वीज़ा अब रद्द माने जाएंगे और जो पाकिस्तानी नागरिक वर्तमान में भारत में SVES वीज़ा पर हैं, उन्हें 48 घंटों के भीतर भारत छोड़ना होगा।
भारत सरकार के इस कदम को सुरक्षा के दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है।