केरल का नाम अब होगा केरलम, मोदी कैबिनेट की बैठक में बड़ा फैसला, कई अन्य प्रस्ताव भी हुए मंजूर.
नई दिल्ली। दिल्ली में मंगलवार को हुई मोदी कैबिनेट की बैठक में केरल का नाम बदलने के फैसले पर मुहर लगाई गई। अब इसका नाम केरलम होगा। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि जब से भाषा के आधार पर राज्य का निर्माण हुआ, तब से इसकी मांग थी कि केरल का नाम केरलम होना चाहिए. इस मांग को कैबिनेट ने मंजूरी दी है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि केरल का नाम बदलने वाले विधेयक को अब राज्य विधानसभा में मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि नए पीएमओ भवन में आयोजित मंत्रिमंडल की पहली बैठक में 140 करोड़ लोगों के हित में सभी निर्णय लेने का प्रस्ताव पारित किया गया? उल्लेखनीय है कि केरल विधानसभा ने 24 जून, 2024 को आम सहमति से एक प्रस्ताव पारित किया था जिसमें केंद्र से राज्य का नाम आधिकारिक तौर पर बदलकर ‘केरलम’ करने का आग्रह किया गया था। केरल विधानसभा ने इस प्रस्ताव को दूसरी बार पारित किया क्योंकि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पहले प्रस्ताव की समीक्षा करते हुए कुछ तकनीकी बदलावों का सुझाव दिया था।
12,236 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स पर लगी मुहर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए हैं। सरकार ने बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 12,236 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स पर भी मुहर लगा दी है। इनमें रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने, श्रीनगर में नए एयरपोर्ट के लिए बजट और माल ढुलाई को सुगम बनाने के लिए तीन बड़े रेल प्रोजेक्ट्स को मंजूरी शामिल है। इसके अलावा इंफ्रास्ट्रक्चर और कृषि क्षेत्र के लिए भी अहम प्रस्तावों को मंजूरी मिली है।
कैबिनेट की बैठक में ये फैसले भी हुए
कैबिनेट ने गोंदिया–जबलपुर रेल लाइन के दोहरीकरण के लिए 5,236 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की। इसके अलावा पुनारख–किऊल की तीसरी और चौथी लाइन के लिए 2,668 करोड़ रुपये की राशि भी मंजूर हुई। गम्हरिया–चांदिल तीसरी और चौथी लाइन के लिए 1,168 करोड़ रुपये के साथ ही श्रीनगर में नये इंटीग्रेटेड एयरपोर्ट टर्मिनल के लिए 1,667 करोड़ रुपये की मंजूरी भी दी गई। इसके साथ ही अहमदाबाद मेट्रो फेज 2B के विस्तार के लिए 1,067 करोड़ रुपए भी मंजूर किए गए।