अमेरिका: कोलोराडो के बोल्डर मॉल में एक व्यक्ति ने लोगों पर लगाई आग, कई लोग झुलसे; FBI ने बताया 'आतंकी हमला'.
अमेरिका: कोलोराडो के बोल्डर मॉल में एक व्यक्ति ने लोगों पर लगाई आग, कई लोग झुलसे; FBI ने बताया 'आतंकी हमला'
अमेरिका के कोलोराडो राज्य के बोल्डर शहर में एक मॉल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक व्यक्ति ने वहां मौजूद लोगों पर अचानक आग लगा दी। इस भीषण हमले में कई लोग झुलस गए हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब कुछ लोग इजराइली बंधकों के समर्थन में एक शांति मार्च निकाल रहे थे। स्थानीय लोग इस क्षेत्र में नियमित रूप से ऐसे मार्च करते हैं।
![]()
FBI ने जताई आतंकी हमले की आशंका
घटना के बाद अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई के वरिष्ठ अधिकारी लगातार सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं। एफबीआई प्रमुख काश पटेल ने लिखा हम कोलोराडो के बोल्डर में हुए संभावित आतंकी हमले से अवगत हैं और इसकी गहन जांच की जा रही है। हमारे एजेंट और स्थानीय पुलिस अधिकारी मौके पर हैं और जैसे-जैसे जानकारी सामने आएगी, हम अपडेट देते रहेंगे।”
एफबीआई के वरिष्ठ अधिकारी डैन बॉन्जियो ने भी इसे "आतंकी कृत्य और लक्षित हिंसा" की श्रेणी में रखकर जांच की बात कही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
स्थानीय पुलिस ने नहीं दिया 'आतंकी' करार
हालांकि, बोल्डर पुलिस ने कहा कि अभी तक इस घटना को आधिकारिक रूप से आतंकी हमला नहीं माना गया है। उन्होंने बताया कि इस हमले में कई लोग घायल हुए हैं और ज़्यादातर को जलने की वजह से चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार, हमलावर को पकड़ लिया गया है। उसे मामूली चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आगे की जांच जारी है।
यह घटना अमेरिका में बढ़ती लक्षित हिंसा और सामुदायिक तनाव को लेकर चिंता बढ़ा रही है।