फिल्म पुष्पा 2 के हीरो अल्लू अर्जुन गिरफ्तार, थिएटर में महिला की मौत पर पुलिस ने लिया एक्शन.
हैदराबाद। फिल्म पुष्पा 2 के हीरो और साउथ के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी हैदराबाद के संध्या थिएटर मामले में हुई है। 4 दिसंबर को फिल्म के शो के दौरान थिएटर में भगदड़ मच गई थी, जिसमें एक 35 साल की महिला की मौत हो गई थी। पुलिस ने अल्लू अर्जुन और थिएटर प्रबंधन पर प्रकरण दर्ज किया था।
उल्लेखनीय है कि हैदराबाद के संध्या थिएटर में 'पुष्पा 2' की स्क्रीनिंग के दौरान मची भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई थी। इस घटना पर पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मामले को खारिज करने की मांग करते हुए अल्लू अर्जुन ने 11 दिसंबर को हाई कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया था। इसके बाद केस हुआ तो अल्लू अर्जुन ने चिक्कडपल्ली पुलिस द्वारा लिखी गई एफआईआर को खारिज करने के लिए याचिका दायर की थी। हादसे के बाद से ही वे पीड़ित परिवार को सपोर्ट कर रहे हैं। उन्होंने इस हादसे पर दुख भी जताया और पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद और इलाज का वादा भी किया था। अल्लू अर्जुन ने परिवार को 25 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया था।
उन्होंने कहा कि यह दुखद है कि इस घटना में महिला की मौत हो गयी। उन्होंने कहा कि किसी फिल्म की रिलीज के मौके पर थिएटर में आना उनके लिए स्वाभाविक है, लेकिन उन्होंने कहा कि वह पहले भी कई बार थिएटर में आ चुके हैं, लेकिन ऐसी घटनाएं कभी नहीं हुईं। एक्टर ने कहा कि उन्होंने थिएटर प्रबंधन और एसीपी को सूचित किया कि वह थिएटर के पास आ रहे हैं। उनके मुताबिक, कोई लापरवाही नहीं हुई और आरोप झूठे हैं।