रायपुर में रन-तूफान: ईशान–सूर्या की धमाकेदार पारियों से भारत ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से रौंदा, सीरीज में 2-0 की बढ़त.
रायपुर में रन-तूफान: ईशान–सूर्या की धमाकेदार पारियों से भारत ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से रौंदा, सीरीज में 2-0 की बढ़त
भारत ने दूसरे टी20 मैच में न्यूजीलैंड को सात विकेट से शिकस्त देकर पाँच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली है। 209 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने सिर्फ 15.2 ओवरों में तीन विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
हालाँकि भारत की शुरुआत लड़खड़ाती रही और शुरुआती दो विकेट जल्दी गिर गए, लेकिन इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन की विस्फोटक साझेदारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
ईशान किशन ने सिर्फ 32 गेंदों पर 76 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 11 चौके और चार छक्के शामिल रहे। उनकी इस तूफानी बल्लेबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। कप्तान सूर्यकुमार यादव भी पीछे नहीं रहे और उन्होंने 37 गेंदों पर 82 रन ठोक दिए, इस दौरान उनके बल्ले से 9 चौके और चार छक्के निकले।
अंत में शिवम दुबे ने भी तेज़ अंदाज में 18 गेंदों पर 36 रन बनाकर जीत को और आसान बना दिया।
रायपुर में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 208 रन बनाए। मेहमान टीम की ओर से कप्तान मिचेल सैंटनर ने सर्वाधिक 47 रन बनाए, जबकि रचिन रवींद्र ने 44 रनों का योगदान दिया।