पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने सूर्यकुमार यादव को दी गाली, एक बार नहीं, कई बार कहे अपशब्द .
नई दिल्ली। एशिया कप में भारत के हाथों मिली शर्मनाक हार के बाद बौखलाए पाकिस्तानी टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को गाली दी है। यूसुफ ने एक पाकिस्तानी टीवी चैनल पर हाथ मिलाने के विवाद पर चर्चा के दौरान सूर्यकुमार यादव को बार-बार सूअर कहा।
उल्लेखनीय है कि एशिया कप 2025 के ग्रुप ए के मैच में भारत से मिली 7 विकेट की कारारी हार के बाद पाकिस्तान बौखला गया है। इस हार से ज्यादा पाकिस्तान सूर्यकुमार यादव के हाथ नहीं मिलाने से नाराज है। पाकिस्तान के टीवी चैनल पर डिबेट के दौरान यूसुफ ने कहा कि भारत अपनी फिल्मी दुनिया से बाहर नहीं निकल पा रहा है। भारत को शर्म आनी चाहिए कि वे जिस तरह से जीतने की कोशिश कर रहे हैं, अंपायरों का इस्तेमाल कर रहे हैं, पाकिस्तानी खिलाड़ियों को मैच रेफरी के ज़रिए प्रताड़ित कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने सूर्यकुमार यादव को 'सुअर' कहना शुरू कर दिया।
एंकर ने उन्हें बार-बार टोका कि नाम सूर्यकुमार यादव है, लेकिन वह फिर भी गलत तरीके से उनका नाम लेते रहे। एक एंकर ने उन्हें भारतीय कप्तान का सही नाम याद दिलाने की कोशिश की, शायद यह सोचकर कि उन्होंने गलती से गलत उच्चारण किया है। यूसुफ ने इसे नजरअंदाज कर दिया और अपमानजनक भाषा का उपयोग जारी रखा। यह देखकर एक अन्य एंकर ने व्यंग्यात्मक मुस्कान दी।
यूसुफ ने क्या कहा-
यूसुफ ने समा टीवी पर कहा, “ये लोग फिल्मी दुनिया से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं,” “ये सुअर कुमार जो है… सुअर कुमार यादव। भारत को शर्म आनी चाहिए जिस तरह से वे जीतने की कोशिश कर रहे हैं। अंपायरों को अपने साथ मिलाकर, रेफरी का उपयोग करके (पाकिस्तान) को प्रताड़ित कर रहे हैं उन्होंने शायद अंपायर की उंगली (भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी को दे दी है। जब भी हम अपील करते हैं, वह उठती ही नहीं।
पीसीबी ने की रेफरी को हटाने की मांग
बताया जाता है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) दुबई में भारत-पाकिस्तान एशिया कप मुकाबले के बाद मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट को हटाने की पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की मांग को खारिज कर सकती है। पीसीबी ने पाइक्रॉफ्ट के खिलाफ आईसीसी आचार संहिता और क्रिकेट भावना से संबंधित एमसीसी कानूनों का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। यह शिकायत दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मैच के बाद टीम इंडिया द्वारा पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार करने के बाद दर्ज की गई थी।