बीजापुर में नक्सलियों पर बड़ा प्रहार: इंद्रावती नदी किनारे मुठभेड़ में 2 ढेर, भारी हथियार बरामद.
बीजापुर में नक्सलियों पर बड़ा प्रहार: इंद्रावती नदी किनारे मुठभेड़ में 2 ढेर, भारी हथियार बरामद
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में गुरुवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें दो नक्सली मारे गए। यह कार्रवाई इंद्रावती नदी के पास स्थित जंगलों में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार, सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम जब गुरुवार सुबह नक्सल विरोधी ऑपरेशन पर निकली, तभी इंद्रावती नदी के किनारे जंगल में अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। दोनों ओर से चली भारी फायरिंग के बाद जब हालात शांत हुए, तो मौके से वर्दी पहने दो नक्सलियों के शव बरामद किए गए।
सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से एक एसएलआर , एक इंसास राइफल, एक 12-बोर राइफल समेत भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद जब्त किया है। पुलिस ने बताया कि इलाके में किसी और नक्सली की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लिए 31 मार्च तक की डेडलाइन तय की है। गुरुवार की इस कार्रवाई के साथ ही, इस साल अब तक छत्तीसगढ़ में अलग-अलग मुठभेड़ों में कम से कम 25 माओवादी मारे जा चुके हैं।