होली के अगले दिन आज गुरुवार को शेयर बाजार पर चढ़ा हरा रंग, सेंसेक्स 899.71 अंक ऊपर और निफ्टी 285.40 अंक उछलकर हुआ बंद.
मुंबई। सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन यानी होली के अगले दिन गुरुवार 5 मार्च को शेयर बाजार हरे रंग में रंगा नजर आया। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 899.71 अंक की तेजी के साथ 80,015.90 के स्तर पर और एनएसई निफ्टी 285.40 अंक ढ़कर 24,765.90 के स्तर पर बंद हुआ। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली।
उल्लेखनीय है कि कल बुधवार को यानी होली के दिन भी शेयर मार्केट गिरावट में था। आज गुरुवार को शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली। आज आईटी को छोड़कर लगभग सभी सेक्टरों में खरीदारी का माहौल रहा। निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स करीब 0.5 फीसदी तक चढ़े। बाजार में कुल 2,302 शेयरों में तेजी रही, जबकि 1,325 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। आज रिलायंस इंडस्ट्रीज, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और एचडीएफसी बैंक जैसे हैवीवेट शेयरों में 3 फीसदी तक की बढ़त देखने को मिली। इसके विपरित कुछ एफएमसीजी शेयरों में हल्की कमजोरी रही। टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और नेस्ले इंडिया जैसे शेयर करीब 1 फीसदी तक फिसले। मेटल, पीएसयू, एनर्जी, ऑटो और ऑयल-गैस शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। फार्मा और रियल्टी सेक्टर भी बढ़त के साथ बंद हुए। हालांकि आईटी और एफएमसीजी इंडेक्स में हल्की कमजोरी रही। निफ्टी 50 की कंपनियों में सबसे ज़्यादा बढ़त अडानी पोर्ट्स में देखने को मिली, जिसमें 4.53 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली। इसके बाद, लार्सन एंड टुब्रो में 4.03 प्रतिशत की बढ़त, हिंडाल्को में 3.60 प्रतिशत की बढ़त, एनटीपीसी में 3.35 प्रतिशत की बढ़त और रिलायंस इंडस्ट्रीज में 3.31 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली। निफ्टी में सबसे ज़्यादा नुकसान टेक महिंद्रा को हुआ जिसमें 1.33 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। इसके बाद, एचसीएल टेक में 0.73 प्रतिशत की गिरावट, क्वालिटी वॉल्स में 0.60 प्रतिशत की गिरावट, आईसीआईसीआई बैंक में 0.58 प्रतिशत की गिरावट और एसबीआई में 0.43 प्रतिशत की गिरावट नजर आई।