रिलायंस इंडस्ट्रीज के डायरेक्टर बने अनंत अंबानी, एक मई से संभालेंगे कार्यभार.
मुंबई। मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी को रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने पूर्ण-कालिक निदेशक नियुक्त कर दिया है। रिलायंस ने स्टॉक एक्सचेंज को इस संबंध में जानकारी भेजी है। इसमें कहा गया है कि बोर्ड ने ह्यूमन रिर्सोसेज, नॉमिनेशन और रिमेन्युरेशन कमेटी की सिफारिश पर 1 मई 2025 से पांच साल के लिए अनंत अंबानी की नियुक्ति को अप्रूवल दे दिया है।
उल्लेखनीय है कि अनंत फिलहाल कंपनी के नॉन-एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं। अब वह रिलायंस के कार्यकारी नेतृत्व का हिस्सा बनेंगे। वे रिलायंस ग्रुप की कई कंपनियों के बोर्ड से जुड़े हुए हैं। इनमें मार्च 2020 से जियो प्लेटफॉर्म्स, मई 2022 से रिलायंस रिटेल वेंचर्स और जून 2021 से रिलायंस न्यू एनर्जी और रिलायंस न्यू सोलर एनर्जी शामिल हैं। वे सितंबर 2022 से रिलायंस फाउंडेशन के भी बोर्ड मेंबर हैं।
बोर्ड ने अगस्त 2023 में अनंत के साथ-साथ ईशा और आकाश अंबानी को कंपनी के गैर-कार्यकारी निदेशकों के रूप में नियुक्त करने की मंजूरी दी थी। शेयरधारकों ने अक्टूबर 2023 में इनकी नियुक्ति को मंजूरी दी थी। आकाश अंबानी 2022 से रिलायंस जियो इन्फोकॉम के चेयरमैन हैं, वहीं, ईशा अंबानी एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर के रूप में रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड कामकाज देख रही हैं। अपने दोनों भाई-बहनों में से आकाश ही पहले हैं, जिन्हें रिलायंस इंडस्ट्री में कार्यकारी निदेशक की भूमिका मिली है।