बिहार के बाहुबली अनंत सिंह के चुनाव क्षेत्र में जनसुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या से गरमाई सियासत, तेजस्वी ने साधा सरकार पर निशाना.
पटना। बिहार के बाहुबली नेता और जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह के चुनाव क्षेत्र मोकामा में जन सुराज के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या से सियासत गरमा गई है। तेजस्वी यादव ने जहां प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है, वहीं अन्य दल भी जदयू और भाजपा को घेरने की कोशिश कर रहे हैं। दूसरी तरफ, अनंत सिंह ने सूरजभान सिंह पर आरोप लगाया है।
इस घटना पर अनंत सिंह ने कहा कि हम लोग टाल क्षेत्र में वोट मांग रहे थे। रास्ते में देखे कि एक-आध सौ गाड़ियां खड़ी हैं। हमको लगा कि वो लोग भी वोट मांग रहा है, तो हम लोग आए तो उसके बाद वो लोग मुर्दाबाद-मुर्दाबाद करने लगे। इसके बाद मैंने अपने लोगों से कहा कि कोई कुछ मत बोलो। 30 गाड़ी हम आगे बढ़ गए, 10 गाड़ी पीछे रह गई तो उसको तोड़ना-फोड़ना शुरू कर दिया गया। इसके बाद ये हुआ है।
अनंत सिंह ने सूरजभान सिंह पर लगाया आरोप
अनंत सिंह ने कहा कि सूरजभान सिंह का यही मन था कि किसी तरह लड़ाई-झगड़ा हो जाए तो वोट में कुछ इधर-उधर हो जाएगा। सूरजभान सिंह का ये खेला है। दुलारचंद को रखा था, दिन भर गाली दिलवाना। सबसे पहले दुलारचंद ने ही हाथ छोड़ा था।
सूरजभान की पत्नी को राजद ने दिया है टिकट
मोकामा विधानसभा सीट से राजद ने सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी को टिकट दिया है। सूरजभान सिंह भी बाहुबली हैं। मोकामा से जन सुराज ने पीयूष प्रियदर्शी को उम्मीदवार बनाया है। दुलारचंद यादव रिश्ते में पीयूष के चाचा लगते थे। दुलारचंद यादव लगातार जन सुराज के लिए वोट मांग रहे थे। इसी बीच चुनाव प्रचार के दौरान गोली लगने से उनकी मौत हो गई। दुलारचंद यादव कभी लालू यादव के करीबी हुआ करते थे।
तेजस्वी ने केंद्र-राज्य सरकार पर लगाया आरोप
विपक्ष के नेता और महागठबंधन के सीएम फेस तेजस्वी यादव ने इस हत्या को लेकर सीधे तौर पर राज्य और केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। तेजस्वी यादव ने कहा कि लोकतंत्र और चुनाव में हिंसा की कोई जगह नहीं होनी चाहिए, फिर भी बिहार में आचार संहिता लागू होने के बावजूद लोग खुलेआम बंदूक-गोली लेकर घूम रहे हैं। तेजस्वी यादव ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपनी रैलियों में 30 साल पहले के बिहार यानी जंगलराज की बात करते हैं, लेकिन उन्हें देखना चाहिए कि आज 30 मिनट पहले क्या हुआ। तेजस्वी ने बताया कि मोकामा की घटना के अलावा, आज ही सीवान में एक एएसआई की हत्या कर दी गई। यह सब उस दिन हुआ जब पीएम मोदी खुद सीवान और मुजफ्फरपुर में जनसभाएं कर रहे थे।