जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर को चुनाव आयोग का नोटिस, बिहार के साथ ही बंगाल की मतदाता सूची में भी है नाम.
नई दिल्ली। चुनावी रणनीतिकार और जनसुराज पार्टी के प्रशांत किशोर को चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया है। उनका नाम बिहार और पश्चिम बंगाल दोनों राज्यों की मतदाता सूची में है। चुनाव आयोग ने उनसे तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।
प्रशांत किशोर परर दो अलग-अलग राज्यों के वोटर आईडी कार्ड रखने का आरोप है। एक बिहार का और दूसरा पश्चिम बंगाल का। इस सनसनीखेज खुलासे ने बिहार के राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। विवाद गहराते ही, चुनाव आयोग भी हरकत में आ गया है और इस दावे की सच्चाई जानने के लिए जांच शुरू कर दी है। इसके लिए नोटिस भी जारी कर दिया गया है।
जन सुराज पार्टी ने दी सफाई
जन सुराज पार्टी के प्रवक्ता सौरभ सिंह ने इस मामले पर सफाई पेश की है। उनका दावा है कि प्रशांत किशोर ने 2021 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान काम करते समय वहां की वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराया था, जो कि नियमों के अनुसार किसी भी व्यक्ति के लिए अपने काम या व्यवसाय के लिए अन्य राज्य में रहते हुए संभव है। सौरभ सिंह ने बताया कि 2022 में बिहार लौटने और जन सुराज यात्रा शुरू करने के बाद, पीके ने स्वयं चुनाव आयोग से अनुरोध किया था कि उनका नाम बंगाल की मतदाता सूची से हटाकर बिहार में जोड़ा जाए। उनका तर्क है कि चूंकि ये आवेदन काफी पहले दिया जा चुका था, इसलिए प्रक्रिया पूरी न होने की जिम्मेदारी पीके की नहीं है।
सासाराम के निर्वाचन अधिकारी ने प्रशांत किशोर को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने के लिए तीन दिनों का वक्त दिया है। दूसरी ओर कोलकाता में निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार पश्चिम बंगाल में मतदाता के रूप में पंजीकृत किशोर का पता 121, कालीघाट रोड के रूप में दर्ज है, जो कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस मुख्यालय का पता है। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी का निर्वाचन क्षेत्र है।