नीरज चोपड़ा भारतीय सेना में बने लेफ्टिनेंट कर्नल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी ने दिया सम्मान.
नई दिल्ली। भारत के ओलंपिक एथलीट नीरज चोपड़ा को बुधवार को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल का पद मिला है। उन्हें यह पद दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की उपस्थिति में दिया गया। नीरज को यह सम्मान खेलों में बड़ी उपलब्धियों और युवाओं को प्रेरित करने के लिए दिया गया।

उल्लेखनीय है कि नीरज चोपड़ा ने बतौर नायब सूबेदार 2016 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। 2021 में उनका प्रमोशन हुआ, जिसके बाद उन्हें सूबेदार पद मिला था। एथलेटिक्स में लगातार अच्छे प्रदर्शन के लिए उन्हें 2018 में अर्जुन अवॉर्ड से पुरस्कृत किया गया। इसके बाद नीरज ने टोक्यो ओलंपिक्स में मेंस जेवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल जीता था। इस एक जीत से उन्होंने भारत के लाखों युवाओं को प्रेरित किया और 2021 में उन्हें खेल रत्न से सम्मानित किया गया था। साल 2022 में उन्हें परम विशिष्ट सेवा पदक मिला, जो भारतीय सेना द्वारा दिया जाने वाला सर्वोच्च शांतिकालीन सम्मान है।