जापान में निवेशकों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया भारत आने का न्यौता, कहा-भारत में दुनिया के लिए प्रोडक्ट बनाइए.
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान के दौरे पर हैं। वहां उनका भव्य स्वागत किया गया। पीएम मोदी ने जापान इकोनॉमिक फोरम में संबोधित करते हुए वहां के निवेशकों को भारत आने का न्यौता दिया। पीएम मोदी फोरम में बोलते हुए कहा कि आप भारत आइए, हम भारत में प्रोडक्ट बनाएं और उसको दुनिया के लिए बनाएं।
पीएम मोदी ने जापान की यात्रा के पहले दिन जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के साथ भारत-जापान आर्थिक मंच में भाग लिया। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि पिछले 11 सालों में भारत में कई बदलाव हुए। भारत में निवेश के लिए ये समय सबसे अच्छा है। भारत की इकोनॉमी तेजी से बढ़ रही है। हम न्यूक्लियर एनर्जी सेक्टर को खोल रहे हैं। भारत और जापान हर क्षेत्र में एक बेहतर साझेदार हैं। आज का नया भारत एक तरीके से टैलेंट का पावर हाउस बन चुका है।

भारत में राजनीतिक स्थिरता
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत में राजनीतिक स्थिरता, आर्थिक स्थिरता, नीतियों में पारदर्शिता और पूर्वानुमानशीलता है। आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। बहुत जल्द यह दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रही है।

भारत में पूंजी कई गुना बढ़ जाती है
पीएम मोदी ने कहा कि जापान हमेशा से भारत की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण भागीदार रहा है। मेट्रो रेल से लेकर विनिर्माण, सेमीकंडक्टर से लेकर स्टार्टअप तक जापानी कंपनियों ने भारत में 40 अरब डॉलर से अधिक का निवेश किया है। उन्होंने कहा कि भारत में पूंजी सिर्फ बढ़ती ही नहीं, बल्कि कई गुना बढ़ जाती है।